जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कोल्हान क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आधारभूत विकास से जुड़े चार महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे. अध्यक्ष मानव केड़िया के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने झामुमो के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के साथ सीएम से मुलाकात के क्रम में उनसे उक्त समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने एवं त्वरित कार्रवाई कराने का आग्रह किया. चैंबर ने टाटा कमांड एरिया में नए आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट के अभाव में बिजली एवं पानी का कनेक्शन नहीं मिलने तथा लगभग 30 वर्ष पुराने प्रतिष्ठानों को भी विद्युत लोड बढ़ाने की अनुमति नहीं मिलने का गंभीर मुद्दा उठाया. चैंबर ने कहा कि टाटा स्टील एवं जेएनएसी की वर्तमान कार्यप्रणाली के कारण शहर में नए निवेश, व्यवसाय विस्तार और रोजगार सृजन में बाधा उत्पन्न हो रही है. बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनुपलब्धता शहर के विकास को प्रभावित कर रही है. इसके अतिरिक्त टाटा लीज क्षेत्र में जमीन, मकान, दुकान एवं फ्लैट की रजिस्ट्री शुरू कराने, अनाबाद बिहार की जमीनों का सर्वे कराने तथा खासमहाल की जमीनों का पूर्ण मालिकाना हक देने की मांग भी की गई. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने विशेष रूप से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के सभी फेज में सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, ड्रेनेज व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई. इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में आंतरिक सड़कें, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, प्रवेश द्वार, फैक्ट्री शेड, कॉमन फैसिलिटी सेंटर एवं तकनीकी केंद्र विकसित करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, जमशेदपुर में एमएसएमई फैसिलिटेशन सेंटर खोलने तथा शहर से 30–40 किलोमीटर के दायरे में लगभग 2,000 एकड़ भूमि पर नया औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने टेटला में प्रस्तावित लॉजिस्टिक्स पार्क की वर्तमान स्थिति, डीपीआर, भूमि एवं स्वीकृति की जानकारी देने तथा निर्माण की समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया. साथ ही, आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की एनएच-33 एवं रेलवे से बेहतर कनेक्टिविटी, टाटानगर एवं आदित्यपुर में माल ढुलाई की अतिरिक्त सुविधाएं, गुड्स साइडिंग, कंटेनर हैंडलिंग, ट्रक टर्मिनल तथा आधुनिक वेयरहाउसिंग एवं मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की मांग की गई. कोल्हान क्षेत्र की स्वीकृत, प्रस्तावित एवं विचाराधीन परियोजनाओं की स्पष्ट कार्ययोजना और समय-सीमा निर्धारित करने का भी अनुरोध किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने 1 जुलाई 2017 से पूर्व जारी सरकारी कार्यादेशों पर जीएसटी लागू होने के बाद संवेदकों पर पड़े अतिरिक्त कर भार की प्रतिपूर्ति का मामला उठाया. झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जारी एसओपी (एस.ओ. 33, दिनांक 26.08.2022) की कंडिका-15 में संशोधन की मांग की गई, ताकि वास्तविक जीएसटी अतिरिक्त भार के दावों को केवल संविदा में मूल्य संशोधन की शर्त नहीं होने के तकनीकी आधार पर अस्वीकार नहीं किया जाए. साथ ही, पूर्व में अस्वीकृत एवं लंबित दावों पर पुनर्विचार कर समयबद्ध निष्पादन का आग्रह किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर ने मुख्यमंत्री से इन सभी विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा चैंबर प्रतिनिधियों को भी उसमें आमंत्रित करने का अनुरोध किया. चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि जमशेदपुर एवं कोल्हान का औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब उद्योगों और व्यवसायों को बिजली, पानी, सड़क, ड्रेनेज एवं बेहतर कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों. विशेषकर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र एवं ईएमसी में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण और जमशेदपुर में बिजली-पानी कनेक्शन की समस्या का समाधान अत्यंत आवश्यक है. इन समस्याओं के निराकरण से नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी. प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के साथ पुनीत काउंटिया, राजीव अग्रवाल, अनिल मोदी, अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बांकरेवाल, अंशुल रिंगसिया एवं विनोद शर्मा शामिल थे.












