जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी व राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के 668वें नेत्र ज्योति महायज्ञ के दूसरे दिन रविवार को चयनित 30 मरीजों की आंखों का ऑपरेशन संपन्न हुआ. इसमें प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ बीपीसिंह एवं उनकी चिकित्सा टीम ने मरीजों का सफलता पूर्वक ऑपरेशन किया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि राजस्थान सेवा सदन, द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से एवं टाटा पिगमेंट्स के संयोजन में पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी, राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान के 668वें नेत्र ज्योति महायज्ञ का आयोजन हो रहा है. आयोजन के दूसरे दिन, रविवार को पहले दिन चयनित मोतियाबिंद के 30 मरीजों का ऑपरेशन किया गया. इससे पूर्व जाने-माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, जुगसलाई सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र के डॉ. दीपक कुमार व रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन थियेटर का फीता काटकर नेत्र ज्योति महायज्ञ के ऑपरेशन सत्र का उद्घाटन किया. ऑपरेशन सत्र के दौरान नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ पूनम सिंह, डॉ भारती शर्मा एवं उनके सहयोगी चिकित्सा टीम ने नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया. इस दौरान रेड क्रॉस कार्यकर्ता बीके विश्वास, राकेश मिश्र, राजू बिन्द, किशन अग्रवाल, कमल किशोर लड्ढा, प्रकाश मिश्र, दीपक कुमार शर्मा आदि ने मुख्य रूप से भूमिका निभाई. कल सोमवार को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर उनकी अंतिम जांच की जाएगी तथा उन्हें डेढ महीने की जरूरी दवा, चश्मा व आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा.











