जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में सृजन एजुकेशन ट्रस्ट, वडोदरा एवं मरुधर साहित्य ट्रस्ट के द्वारा संयुक्त रूप से साहित्यिक सम्मान एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि राधेश्याम अग्रवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर से कम का नहीं है. वे स्थानीय साहित्यकारों की रचना सुनकर चकित थे. उन्होंने कहा कि साहित्यकार एक साधक होता है जो अपनी साधना से समाज का हित करता है. उन्होंने कहा कि इन साहित्यकारों की रचनाओं के कारण लोगों का अंग्रेजी के प्रति मोह भंग हो जाएगा. कार्यक्रम का आरंभ माधवी उपाध्याय की मधुर सरस्वती वंदना के रूप में हुआ. इसके बाद शहर के प्रतिष्ठित 15 साहित्यकारों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि मुरलीधर केडिया के हाथों मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, पुष्प, पगड़ी एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. साथ ही नरेश अग्रवाल द्वारा लिखी गई 7 पुस्तकें भी भेंट की गयी. माधवी उपाध्याय, विजय नारायण सिंह बेरुका, डॉ संध्या सिन्हा, सुधा गोयल, लता मानकर प्रियदर्शिनी, लखन प्रसाद, सोनी सुगंधा, शैलेन्द्र पाण्डेय शैल, दीपक वर्मा ष्दीपष्, अंजू पी केशव, नवीन कुमार अग्रवाल, वसंत जमशेदपुरी, शोभा किरण, श्यामल सुमन, एवं पद्मा मिश्रा को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में काव्य गोष्ठी के दौरान सभी साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से सभी का दिल जीत लिया. रश्मि रंजन, दीपक वर्मा, शैलेन्द्र पाण्डेय शैल, सुधा गोयल नवीन, डॉ संध्या सूफी, ने अपनी रचना सुनाई. श्यामल सुमन कार्यक्रम में काफी बड़ी संख्या में श्रोता गण उपस्थित थे. नवीन अग्रवाल ने एक सिद्धहस्त संचालक की तरह मंच का संचालन किया और सभी का दिल मोह लिया. मुरलीधर ने भी अपने हास्य व्यंग की कविता से सभी को प्रभावित किया. स्वागत भाषण सृजन एजुकेशन ट्रस्ट की ट्रस्टी रश्मि रंजन ने दिया एवं धन्यवाद ज्ञापन मरुधर साहित्य ट्रस्ट के नरेश अग्रवाल एवं महेश अग्रवाल ने दिया. इस कार्यक्रम में अनेक साहित्यकार मौजूद थे, जिन्होंने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सपना अग्रवाल, ललित अग्रवाल एवं नीता अग्रवाल ने भी भरपूर सहयोग दिया. अंत में मरुधर साहित्य ट्रस्ट ने दो साझा संकलन प्रकाशित करने की घोषणा की जिसका खर्च भी संस्था उठाएगी. इसमें केवल स्थानीय साहित्यकारों की रचनाएं ही शामिल की जाएंगी. साथ ही संस्था के द्वारा भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के एक साहित्यिक सम्मेलन करने की योजना के बारे में बताया जिसमें 100 के लगभग साहित्यकार आयेंगे.











