जमशेदपुर : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में विगत 3 वर्षों में ऊंची दर पर दवा की खरीद का घोटाला हुआ है. यह बड़ा आरोप जमशेदपुर पूर्वी से विधायक सरयू राय ने लगाया है. वे जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन करते हुए इस घोटाले का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल 2020 को विभिन्न प्रकार की दवाओं की खरीद के लिए निविदा निकाली गयी. न्यूनतम दर वाले निविदादाताओं का चयन हो गया और 15 जून 2020 को उन्हें स्वीकृति पत्र भेजा गया कि 19 जून 2020 तक वे एकरारनामा जमा कर दें, ताकि उन्हें संबंधित दवाओं का क्रयादेश्ज्ञ दिया जा सके. परंतु यह खरीद नहीं हुई. विधायक सरयू राय ने कहा कि उसकी जगह स्वास्थ्य विभाग ने संचिका तैयार कर जिन 103 दवाओं का राज्य के अस्पताल में मांग की है, उन दवाओं के भारत के औषधि निर्माता लोक उपक्रम से मनोनयन के आधार पर खरीद की जाये. संकल्प के रूप में यह प्रस्ताव 28 दिसंबर 2020 को मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की स्वीकृति के लिए भेजा गया. 3 फरवरी 2021 को मंत्रिपरिषद को स्वीकृति प्राप्त हो गयी. विभागीय संकल्प में उल्लेख किया गया है कि वित्तीय नियमावली 235 को शिथिल कर नियम 245 के तहत मनोनयन के आधार पर क्रय कर राज्य के विभिन्न अस्पतालों को आपूर्ति की जाये. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
विधायक सरयू राय ने बताया कि आश्चर्य है कि इस संकल्प में कहीं भी अंकित नहीं किया गया कि इसके पूर्व दवाओं की खरीद के लिए निविदा प्राप्त की गयी थी. न्यूनतम दर वाले निविदादाताओं का चयन कर लिया गया है और उसके साथ एकरारनामा करने के लिए स्वीकृति पत्र भेज दिया गया है. निविदा में किसी भी दवा की खरीद के लिए जो न्यूनतम दर आई थी, उसी दवा को केन्द्र सरकारी की 5 कंपनियों से काफी अधिक दर पर खरीद की गयी. इसके कारण राज्य सरकार के खजाने को 150 करोड़ से अधिक की चोट पहुंची है, दवा की खरीद अब भी जारी है. इसी तरह की खरीद वर्ष 2017-2018 में तत्कालीन झारखंड सरकार से मनोनयन से किया था, परंतु संकल्प में वित्तीय विभाग ने यह शर्त लगा दिया था कि इन जेनरिक दवाओं का क्रय वर्ष 2017-2018 के लिए किया जाये. श्री राय ने कहा कि यह संकल्प 13 सितंबर 2017 को पारित हुआ था. इसके बाद कोविड काल में मनमानी दर पर दवाओं की खरीद में अनियमितता हुई. निविदा के आधार पर न्यूनतम दर वाले निविदादाताओं को चयन हो जाने के बाद ऊंची दर पर दवाओं की खरीद कर भारी घोटाला किया गया है. उन्होंने इस मामले की तत्काल जांच करने की मांग की है.











