जमशेदपुर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुट गये हैं. इसी कड़ी में वे आगामी 4 फरवरी को देवघर आ रहे हैं, जहां वे कई योजनाओं की आधारशिला रखने के साथ ही देवघर में ही राजमहल लोकसभा क्षेत्र एवं उसकी विधानसभा क्षेत्रों की कोर कमेटियों के साथ बैठक कर आगामी लोकसभा चुनाव में यह सीट हासिल करने की रणनीति भी तैयार करेंगे.बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी शनिवार को देवघर दौरे पर आ रहे हैं. घोषित रूप से तो वे वहां जसीडीह में उर्वरक कारखाने की आधारशिला रखने के लिए आ रहे हैं, किन्तु इसके साथ ही उनकी देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना भी करेंगे. इसके साथ ही श्री शाह के राजमहल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं उसके अंतर्गत आनेवाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की पार्टी कोर कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक भी करने वाले हैं.बताते चलें कि विगत लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को झामुमो के हाथों यह सीट गंवानी पड़ी थी. किन्तु आगामी चुनावों में पार्टी राजमहल के एवं चाईबासा दोनों सीटें दोबारा हासिल करने की तैयारियों में जुटी हुई है. गृह मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित देवघर दौरा भी किसी न किसी रूप में पार्टी के मिशन राजमहल जुड़ा माना जा रहा है.(नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि भाजपा आलाकमान की निगाहें झारखंड की दो संसदीय सीटों, चाईबासा व राजमहल पर खास रूप से टिकी हुई हैं. चूंकि राजमहल पर झामुमो व चाईबासा पर कांग्रेस का कब्जा है. पार्टी के चाणक्य माने जानेवाले गृहमंत्री अमित शाह इन दोनों लोकसभा सीटों को दोबारा हासिल करने की रणनीति तैयार करने में जुटे हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार राज्य की इन दो सीटों की कमान खुद अमित शाह संभाल रहे है एवं खास रणनीति के अनुसार उस दिशा में काम भी कर रहे हैं. याद रहे कि अमित शाह इससे पूर्व चाईबासा में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर वहां से आगामी लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर चुके हैं. अब फरवरी महीने की चार तारीख को देवघर आ रहे हैं, जहां वे पार्टी कोर कमेटी के नेताओं के साथ संयुक्त बैठक भी करेंगे. गृह मंत्री अमित शाह को साहेबगंज भी जाना था, जहां वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करने वाले थे. लेकिन समयाभाव के कारण वे अब देवघर में ही बैठक करेंगे. याद रहे कि भाजपा ससंदीय कार्यसमिति की बैठक में कमजोर बूथों को चिह्नित कर वहां पर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया था. इसी के तहत गृह मंत्री अलग-अलग चिह्नित बूथों को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं.













