जमशेदपुर : शहर के हाइवे पारडीह चौक से लेकर बालीगुमा चौक तक आये दिन हो रही सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुये राष्ट्रीय जन सेवा समिति की ओर मंगलवार को डीसी कार्यालय पर धरना दिया गया. धरना के माध्यम से हादसे पर रोक लगाने की मांग डीसी विजया जादव से की गयी है. साथ ही कहा गया है कि अगर इस दिशा में समय रहते पहल नहीं की जाती है तो समिति की ओर से भूख हड़ताल से लेकर अन्य तरह से भी आंदोलन किया जा सकता है. राष्ट्रीय जन सेवा समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने धरना के दौरान बातचीत में कहा कि बालीगुमा से लेकर पारडीह चौक के बीच रोजाना 3000 स्कूली बच्चे आना-जाना करते हैं. ऐसे में वे कभी भी सड़क हादसे का शिकार हो सकते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसी तरह से रोजाना 50 हजार से भी ज्यादा लोग आवागमन करते हैं. आये दिन हादसे में लोगों की जान जा रही है. रोजाना सड़क हादसे हो रहे हैं. पारडीह चौक के पास तीन स्कूल है. इस स्कूलों में 3 हजार से भी ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं. यहां पर हादसे को रोकने के लिये डिमना चौक, पारडीह चौक और बिग बाजार के पास फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग की गयी. राष्ट्रीय जन सेवा समिति के लोगों ने कहा कि अभी तो आंदोलन की शुरूआत की गयी है. मांगें नहीं माने जाने पर आगे चलकर और जोरदार आंदोलन करने की चेतावनी दी गयी है. धरने पर अध्यक्ष आशीष मुखर्जी, सचिव गौतम मुखर्जी, कोषाध्यक्ष गणेश दास, मनतोष गोप, सवपन गोप, सुरेश कुमार सोरेन, बबलू दास, अर्जुन दास उपस्थित थे.



