जमशेदपुर: मानगो नगर निगम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स और जवान तैनात रहे. अतिक्रमण हटाओ अभियान रविवार की रात चलाया गया.डिमना डिवाइडर से दुकानें हटाई गईं. दुकानदारों ने इसका विरोध भी किया. जिसको लेकर हंगामा भी हुआ. मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के भाई कांग्रेस के नेता गुड्डू गुप्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रशासन से कहा कि अभी त्यौहार का समय है. (नीचे भी पढ़े)
इसलिए दुकानें न हटाई जाएं. लेकिन जिला प्रशासन ने उनसे कहा कि उन्हीं दुकानदारों को हटाया जा रहा है जिनको मानगो नगर निगम की सब्जी बाजार में दुकानें दी जा रही हैं. गौरतलब है कि डीसी विजया जाधव ने शनिवार की रात मानगो क्षेत्र का निरीक्षण किया था और उन्होंने ही डिमना डिवाइडर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था. इसी के बाद जिला प्रशासन ने मानगो नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है. अतिक्रमण हटाओ अभियान की देखरेख एसडीओ पीयूष सिन्हा कर रहे हैं.











