जमशेदपुर : जमशेदपुर कोर्ट में सोमवार को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने नवीन सिंह और संजीव कुमार के बयान पर कुंडी, अमन, हरप्रीत और पांच छः अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जानलेवा हमला कर फायरिंग करने के मामले में एफआईआर दर्ज किया है. इस मामले को लेकर पुलिस लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में सारे लोगों की पहचान कर ली है. गोलमुरी में भी इसी गिरोह ने ही फायरिंग की थी जिसकी पहचान हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
सीसीटीवी में साफ तौर पर सारे अपराधी फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं और वे लोग काफी देर से नवीन सिंह का इंतजार कर रहे थे. इस बीच जमशेदपुर के एग्री को स्थित पोस्ट ऑफिस के पास रहने वाले नवीन सिंह ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि वह अपने साथी अनिल मुखी के साथ जमशेदपुर कोर्ट गया था. वहां कोर्ट में उसका केस चल रहा है जिसमें डिस्चार्ज पिटीशन फाइल होने वाला था. लेकिन किसी कारणवश डिस्चार्ज पिटीशन फाइल नहीं हो पाया. इसके बाद वह कोर्ट से बाहर निकलने लगा तभी उसने देखा कि वहां कुंडी, अमन और अन्य चार पांच लोग बाइक में खड़े थे. उनमें से एक हरप्रीत कोर्ट की दीवार की ओट में छिपा हुआ था जो उसको देखते ही चिल्ला कर कहा कि मारो उसे नवीन सिंह यही है. (नीचे भी पढ़ें)
उसका चिल्लाना सुनकर वह पीछे दौड़ा तब तक कुंडी और अमन के द्वारा उसके ऊपर फायरिंग कर दी गई. उसने किसी तरह झुक कर अपना जान बचाया और फिर से कोर्ट के अंदर दौड़कर भागा जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया. उसके पीठ में चोट के निशान और छर्रा भी लगा है. इस बीच कोर्ट में जब अपराधियों ने फायरिंग की उस समय कई आम लोग भी थे. इस दौरान एक बच्चा रिक्शा भी लेकर जा रहा था जिसने झुक कर अपनी जान बचाई. अपराधियों के फायरिंग की घटना में कई और जाने भी जा सकती थी लेकिन गनीमत रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापामारी चल रही है.












