रांची : झारखंड यूथ इंटक एवं कोयलांचल स्टील कामगार यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रमिकों के लगातार हो रहे उत्पीड़न को लेकर बुधवार को राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की. प्रदेश यूथ इंटक अध्यक्ष रवि चौबे के नेतृत्व में पहुंचे दल ने राज्य के विभिन्न कारखानों में मजदूरों के हो रहे शोषण एवं उन पर अत्याचार को लेकर राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंप कर उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गये ज्ञापन में बोकारो औद्योगिक क्षेत्र स्थित केंद्र सरकार के उद्यमों जैसे इंडियन ऑयल के बॉटलिंग प्लांट एवं अन्य कारखानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया है कि कारखानों में कोई भी नियम संगत कार्य नहीं हो रहा है एवं वहां कार्यरत मजदूरों को नियोजन संबंधी सारी सुविधाओं से वंचित रखा जाता है.(नीचे भी पढ़ें)
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यान पूर्वक सुनने के बाद उस पर संज्ञान लेते हुए इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने एवं मजदूरों की समस्याओं का निदान कराने का आश्वासन दिया. प्रतिनिधिमंडल में यूथ इंटक की ओर से प्रचार सचिव अंजनी कुमार, पलामू जिला अध्यक्ष शशांक सुमन, प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश कुमार एवं बोकारो जिला अध्यक्ष अब्दुल्ला अंसारी शामिल थे.











