सरायकेला : झारखंड राज्य भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति ने चांडिल अनुमंडल कार्यालय में वर्षों से पदस्थापित प्रधान सहायक हीरालाल सिंह पर कई आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें तत्काल स्थानांतरित करने की मांग की है. समिति ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है, जिसमें प्रधान सहायक हीरालाल सिंह अनेक आरोप लगाये गये हैं.(
समिति ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए लिखा है कि हीरालाल सिंह जो चांडिल अनुमंडल कार्यालय से पूर्व चांडिल अंचल में भी वर्षों तक पदस्थापित रहे हैं. इस अंचल और अनुमंडल में कई वर्षों से कार्यरत रहते हुए उन्होंने कई भारी अनियमितताएं की गई हैं. पत्र में आरोप लगाया गया है कि चांडिल अंचल में पदस्थापित रहने के दौरान हीरालाल सिंह ने गलत वंशावली बनाकर जमीन की हेराफेरी कर अपने नाम करा लिया है.
पत्र में इसका ब्योरा भी दिया गया है, जिसके अनुसार हीरालाल सिंह ने अनुमंडल के पुडिसिली मौजा की कई जमीनें अपने नाम करा ली हैं जो एक गंभीर मामला है. पत्र में कहा गया है कि हीरालाल सिंह का अनुमंडल एवं अंचल कार्यालय में इतना प्रभाव है कि कर्मचारी ही नहीं, पदाधिकारी भी उससे डरते हैं. पत्र में हीरालाल सिंह पर हमेशा भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि उसकी राजनीतिक पहुंच के कारण उसका अनुमंडल से बाहर स्थानांतरण नहीं होता और उनका भ्रष्टाचार बदस्तूर जारी है. पत्र में इसके आलोक में मुख्यमंत्री से सरायकेला- खरसावां के डीसी को आदेश देने एवं की गई कार्रवाई से समिति को अवगत कराने की भी मांग की गयी है.




