सरायकेला : झारखंड के गृह रक्षक आगामी 15 मई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. पूरे राज्य के गृह रक्षक इसको लेकर रणनीति तैयार करने में जुटे हैं. बता दें कि सरकार ने चुनाव से पूर्व गृह रक्षकों के संदर्भ में जो वायदे किये थे, चुनाव के बाद उन्हें खाली हाथ रहना पड़ा है. इसके अलावा न्यायालय के आदेश के बावजूद गृह रक्षक जवानों को समान काम-समान वेतन नहीं मिल रहा है, जबकि अन्य प्रदेशों में यह लागू हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में सरायकेला खरसावां जिला के गृह रक्षक प्रकाश पुर्ती ने बताया कि राज्य के लिए बहुत ही चिंतनीय विषय है. सरकार कोर्ट के आदेश का भी पालन नहीं कर रही. वहीं बिहार के गृह रक्षकों को समान काम के एवज में समान वेतन के साथ राज्य के सेवानिवृत्त गृह रक्षकों को एकमुश्त डेढ़ लाख रुपये की राशि गुजारा भत्ता के रूप में दी जाती है. भारत का सबसे धनी राज्य झारखंड के गृह रक्षक सबसे गरीब अवस्था में जी रहे हैं. मंत्री-विधायकों को सिर्फ अपना वेतन बढ़ाने से मतलब है. इससे राज्य के गृह रक्षकों में काफी आक्रोश है, जिसके कारण राजधानी रांची में 15 मई को विशाल रैली निकाली जायेगी.












