जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने एक बार फिर से मंत्री बन्ना गुप्ता के खिलाफ एक दस्तावेजी प्रमाण के साथ उनका गन लाइसेंस को रद्द करने को लेकर डीसी जमशेदपुर को पत्र लिखा है. इस पत्र के बाद प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है. इस पत्र के साथ विधायक सरयू राय ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के आर्म्स सेक्शन के कमांडेंट आर्म्स द्वारा कोलकाता पुलिस को 27 जनवरी 2023 को प्रेषित निर्देश की छायाप्रति संलग्न किया है. (नीचे भी पढ़ें)
यह निर्देश स्वतः स्पष्ट है. इसके अनुसार मेसर्स काउंटर मेजर्स टेक्नॉलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित और जे विश्वास एंड कंपनी को 7 जनवरी 2022 को वितरण हेतु भेजी गई जी 44 मॉडल क्लाक पिस्टल निर्माण और वितरण लाइसेंस की शर्तों को आम्र्स एकट के अधीन पूरा नहीं करता है इसलिए जिसने भी यह पिस्तौल खरीदा है, उससे वापस लेकर इसे सरकार के मालखाना में जमा किया जाये. श्री राय ने अपने पत्र में कहा है कि उनके विश्वस्त सूत्रों से सरयू राय को सूचना मिली है कि ‘‘झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पास इस श्रेणी की एक पिस्तौल है. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
जिला प्रशासन के रिकॉर्ड रूम से उनकी (सरयू राय की) सूचना की पुष्टि हो जायेगी कि इस पिस्तौल को कहीं से भी खरीदकर जमशेदपुर लाने और अपने पास रखने की जो विधिसम्मत प्रक्रिया होती है, उसका पालन मंत्री द्वारा नहीं किया गया है. वे यत्र-तत्र इसका प्रदर्शन करते हैं. श्री राय ने डीसी से कहा है कि जांचोपरांत इस बारे में विधिसम्मत कार्रवाई करेंगी तथा यह पिस्तौल जब्त कर इसे पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के मालखाना में जमा कराएंगी. साथ ही इसकी सूचना झारखण्ड सरकार और भारत सरकार के गृह मंत्रालय को भी शीघ्रताशीघ्र देंगी ताकि इस बारे में प्रासंगिक नियमों के उल्लंघन के लिए उनके विरूद्ध प्रासंगिक कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सके.












