चाकुलिया : चाकुलिया सीएचसी में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को एक्सरे कराने के लिए बंगाल के झाड़ग्राम जाना पड़ता है. मरीजों की परेशानियों को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा चाकुलिया सीएचसी को 6-7 माह पूर्व ही एक एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई गई, जिसे सीएचसी के एक कमरे में इंस्टॉल भी करा दिया गया, किन्तु उसे ऑपरेट करने के लिए टेक्नीशियन नहीं होने के कारण अस्पताल में एक्सरे मशीन मरीजों के लिए दर्शन की वस्तु बनकर रह गई है. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल अस्पताल के कमरे में लगी एक्सरे मशीन शोभा की वस्तु बन गयी है. सीएचसी में लगी एक्सरे मशीन का टेक्नीशियन नहीं होने के कारण प्रखंड के मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है और आज भी यहां के मरीज एक्सरे कराने के लिए चाकुलिया के आंनदलोक अस्पताल में जाकर एक्सरे कराते हैं. अगर आनंदलोक अस्पताल बंद रहा तो मरीजों को एक्सरे कराने के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जाना पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत मुर्मू ने बताया कि अस्पताल में एक्सरे का टेक्नीशियन नहीं होने के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल में एक टेक्नीशियन उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने जिले के संबद्ध पदाधिकारियों से कई बार मांग की है, परंतु अबतक टेक्नीशियन उपलब्ध नहीं कराया गया है. श्री मुर्मू ने कहा कि एक्सरे टेक्नीशियन उपलब्ध होने पर स्थानीय मरीजों को इसका लाभ मिलने लगेगा.



