घाटशिला : घाटशिला स्थित संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर के परिसर में शुक्रवार को 37वां वार्षिक उत्सव मनाया गया. विद्यालय के सह – सचिव शिवकुमार देवड़ा, विद्यालय प्रशासिका शोभा गनेरीवाल, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य आर चौमाल, निर्मल झुनझुनवाला, प्रबंधक डॉ प्रसेनजीत कर्मकार एवं विद्यालय की प्राचार्या नीलकमल सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की. वार्षिकोत्सव समारोह में आए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय प्रचार्या नीलकमल सिन्हा ने जीवन में सद्गुरु के महत्व को बताते हुए कहा कि जीवन में सद्गुरु का सानिध्य हर मुश्किल व कठिन परिस्थितियों में हमारा मार्गदर्शन करता है. कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय कप्तान शैलजा पांडा ने गुरुदेव के जीवन एवं उनके विचारों को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया. तत्पश्चात विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने मनमोहक गणेश वंदना, गुरु वंदना व नृत्य की प्रस्तुति की.(नीचे भी पढ़े)

वार्षिकोत्सव में आए अतिथियों ने अपने विचार साझा किए. निर्मल झुनझुनवाला ने गुरु का हमारे जीवन में महत्व बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलते रहने के लिए प्रेरित किया. विद्यालय के सह सचिव शिवकुमार देवड़ा ने गुरुदेव के विषय में बताते हुए कहा कि जिस प्रकार बर्फ बूंद-बूंद पिघल कर धारा बनती है और धारा का प्रवाह ही नदी में परिवर्तित हो जाता है ठीक उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में छोटे-छोटे कदमों से निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए. राम गोपाल चौमाल, सिद्धार्थ झुनझुनवाला एवं सरिता झुनझुनवाला ने मनमोहक गीतों द्वारा वार्षिकोत्सव का समा बांधा. विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा भजन की प्रस्तुति के साथ विद्यालय कप्तान अभिषेक शर्मा ने गुरुदेव की आरती संपन्न की. इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य दीपक बजाज व घाटशिला से अन्य सत्संगी जन भी विशेष रुप से उपस्थित थे. इस कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा बारहवीं की छात्रा दीपशिखा महतो एवं छात्र सुमित महापात्रा ने किया.



