रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले मे सक्रिय नक्सली मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन आदि की तलाश में सुरक्षा बलों द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सुरक्षा बलों ने उन्हें निशाना बनाने के लिए लगाकर रखे पांच आइईडी विस्फोटक बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन के अनेक बड़े नेताओं की पश्चिमी सिंहभूम व आसपास के सघन वन क्षेत्रों में सक्रियता की सूचना मिलने पर जिला पुलिस बल के साथ ही कोबरा, झारखंड जागुआर, सीआरपीएफ की टीमें वन क्षेत्रों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही हैं. इसी क्रम में सुरक्षा बलों ने टोंटो थानान्तर्गत तुम्बाहाका एवं अंजदबेड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों व गोइलकेरा थानान्तर्गत कुइड़ा एवं मारादिरी के सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान के दौरान सोमवार को सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा लगाये गये 5 आइईडी एवं रास्ते में गड्ढा कर उसमें लगाये गये लोहे को रॉड, तीर आदि बरामद किये हैं. सुरक्षा बलों ने सुरक्षा की दृष्टि से बरामद विस्फोटकों को वहीं नष्ट कर दिया. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बरामद पांच आइईडी में दो-दो किलो के दो, तीन-तीन किलो के दो एवं 8 से 10 किलो क्षमता का एक विस्फोटक शामिल है.




