
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मलनगर में टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझाड़ कार्तिक नगर के रहने वाले ठेकेदार संजय कुमार ठाकुर से रंगदारी मांगी गई है. संजय कुमार ठाकुर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति में ठेकेदारी करते हैं. उनका आरोप है कि उनसे 50 हजार रुपए की रंगदारी मांगी गई. नहीं देने पर उनके द्वारा निर्मित नाला तोड़ दिया गया. संजय कुमार ठाकुर ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा निकाले गए टेंडर के तहत नाला निर्माण करा रहे हैं. उनका कहना है कि जब भी उनके मजदूर नाला बनाने पहुंचते हैं तो आरोपी मजदूरों को भगा देते हैं. संजय कुमार ठाकुर ने इस मामले में मंगलवार को सोनारी थाना क्षेत्र के दास बस्ती के रहने वाले कार्तिक दास और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. संजय कुमार ठाकुर ने बताया कि आरोपी 24 जून से लेकर 26 जून तक उनको धमकी देकर रंगदारी मांग रहे थे. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.












