जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में काम के दौरान शनिवार को हुए हादसे में मृत कर्मचारी अरुण कुमार के परिजनों के साथ मैनेजमेंट और यूनियन के अधिकारियों ने वार्ता की. इस वार्ता के बाद मैनेजमेंट के साथ समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. इसमें टाटा मोटर्स की ओर से काम के दौरान हुए हादसे के बदले कर्मचारी के बेटे अमन कुमार को जेओ1 ग्रेड में स्थायी नौकरी देने पर सहमति बनी. टाटा मोटर्स के प्लांट हेड रवींद्र कुलकर्णी के हस्ताक्षर से यह पत्र अरुण कुमार की पत्नी ललिता कुमारी को दी गयी. इससके अलावा कुल 95 लाख 9 हजार रुपये की राशि भी परिवार को दी जायेगी. इसके तहत इडीएलआइ का 7 लाख रुपये, एसएनवाइ का 36 लाख रुपये, ग्रुप टर्म इंश्योरेंस का 10 लाख रुपये, ग्रुप एक्सीडेंट इंश्योरेंस 40 लाख रुपये, पीएल व एसएल इनकैशमेंट 2 लाख 9 हजार रुपये दिया जायेगा. इन सारी राशि का अलग किश्तों में भुगतान कर दिया जायेगा. इससे पहले कर्मचारी अरुण कुमार के परिजनों ने शव को ले जाने से इनकार कर दिया. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद टाटा मोटर्स मैनेजमेंट ने अपनी ओर से नौकरी और मुआवजा देने की घोषणा की, जिसके बाद शव को ले जाने को परिवार तैयार हुआ. आपको बता दें कि शनिवार को चेसिस की दुर्घटना में उक्त कर्मचारी अरुण कुमार की मौत हो गयी थी. टाटा मोटर्स अधिकारी सौमिक राय, विशाल सिंह, बी एन सिंह, रजत सिंह की मौजूदगी में उनको यह पत्र और समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. इस दौरान झामुमो विधायक रामदास सोरेन ने फोन पर कंपनी अधिकारी और विनीत सिंह फैक्ट्री इंस्पेक्टर से बात कर कर्मचारी के आश्रित को नौकरी और मुआवजा देने की बात की. बैठक में मुख्य रूप से झामुमो के विधायक मंगल कालिंदी, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष प्रकाश सहाय, कांग्रेस के पूर्व जमशेदपुर जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, संजय मणि त्रिपाठी, डीडी त्रिपाठी, उपमुखिया अजय ठाकुर और काफी संख्या में लोग मौजूद थे. दूसरी ओर, इस घटना में घायल अनिल कुमार की हालत स्थिर बनी हुई है.



