जमशेदपुर : पांच साल पहले जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई में हुए विशाल सिंह की हत्या के मामले में फरार चल रहे कुंदन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वह सजा होने के बाद से फरार चल रहा था. इसके बाद मानगो और उलीडीह थाना की पुलिस ने छापामारी कर उसको गिरफ्तार कर लिया. मालूम है कि वर्ष 2018 में उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई में विशाल सिंह की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड के मामले में विशाल के पिता ललन सिंह के बयान पर शोले, उत्तम महतो, भोला महतो, अनवर अंसारी और कुंदन सिंह को आरोपी बनाया था. करीब 5 साल तक केस चलने के बाद सभी आरोपियों को सजा सुनायी गयी. इसके बाद सारे लोग जेल भेजे गये थे, लेकिन इस मामले में कुंदन सिंह फरार चल रहा था. इसके बाद पुलिस ने कुंदन सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता पायी. इस मामले में आरोपी कुंदन सिंह गाड़ी चोरी का भी आरोपी है और पहले भी जेल जा चुका है.



