बोकारो : बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के संथालडीह गांव में शादी की रस्म रोकने को लेकर दो समुदाय के बीच विवाद हो गया. मिली जानकारी के अनुसार कमल महतो की बेटी की शादी थी. रविवार को शादी के रस्म के लिए घर की महिलाएं वधु को गाजे बाजे के साथ गांव से काली मंदिर ले जा रहीं थी. तभी मस्जिद के पास कई मुस्लिम युवकों ने उनका रास्ता रोक दिया और कहा कि अभी अजान का वक्त है, बाजा बंद करो और दूसरे रास्ते से जाओ. इस बात को लेकर दोनों समुदाय के बीच विवाद हो गया. हिंदू पक्ष की ओर से विरोध करने पर युवकों ने घर के पुरुष सदस्यों और बाजेवालों से हाथापाई की. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद यह जानकारी गांव वालों को मिली और वे सभी कमल महतो के पक्ष में खड़े हो गए और विरोध जताते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के मुख्य पथ को ईंट रखकर बंद कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को समझाया. डीएसपी पूनम मिंज, सेक्टर 12 थाना प्रभारी दुलड़ चौड़े, चास थाना प्रभारी संतोष कुमार, चास मुफ्फसिल थाना प्रभारी नरेंद्र यादव, पिंड्राजोरा थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, विधायक प्रतिनिधि माथुर मंडल, जेएमएम नेता किरण बाउरी ने दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक की और मामला शांत करवाया. घटना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने सुलहनामा पत्र पर दोनों समुदाय के लोगों से हस्ताक्षर करवाए. ऐहितयात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी.



