जमशेदपुर : टाटानगर में तैनात रेलवे के सीनियर टेक्नीशियन सुनील कुमार पिल्लै के 18 जुलाई को आत्मदाह के मामले में अग्रिम जमानत के मुद्दे पर सुनवाई दूसरी बार टल गयी. कोर्ट ने आगामी 31 जुलाई को सुनवाई की अगली तारीख तय की है. मालूम हो कि सुनील कुमार पिल्लै को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले एक अभियुक्त ओम प्रकाश कसेरा की अग्रिम जमानत की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र कुमार सिन्हा की अदालत में आज होने वाली थी, परंतु बागबेड़ा पुलिस द्वारा इस कांड की केस डायरी कोर्ट नहीं भेजे जाने के कारण अग्रिम जमानत पर बहस नहीं हो सकी. (नीचे भी पढ़ें)
मालूम हो कि आज दूसरी तिथि थी जो थाना द्वारा केस डायरी समर्पित नहीं किये जाने के कारण टल गई. आज बचाव पक्ष के वकील ने पूरी घटना को गलत बताते हुए कहा कि अभियुक्त निर्दोष है, उसे अग्रिम जमानत मिल जानी चाहिए, परंतु पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ने न्यायाधीश से मांग की कि अग्रिम जमानत की अर्जी पर केस डायरी आने पर ही विचार किया जाए. मालूम हो कि इस कांड के 7 नामजद अभियुक्त बनाये गये हैं, जिनमें ओमप्रकाश कसेरा, आरके सिंह, सीनियर सेक्शन इंजीनियर लैंड टाटानगर, इसी विभाग के कल्याण और नंदू, आरपीएफ के एसके पांडेय, जीके राय और अरमेन्द्र के नाम शामिल हैं. इन सब में से सिर्फ ओमप्रकाश कसेरा ने अग्रिम जमानत की अर्जी दी है. अगली सुनवाई 31 जुलाई को तय की गई है





