बोकारो : बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी के आवास संख्या 656 में अपराधियों ने बीती रात चोरी कर ली. हालांकि चोरी का सामान पुलिस ने बगल के रूपेश पांडे के घर से बरामद कर लिया है. इस मामले में चोरी के सामान के साथ रूपेश पांडे के बेटा रवि कुमार पांडे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गृह स्वामी अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि वह रात में घर में सोये हुए थे. इसी बीच चोर बगल की दीवार पर सीढ़ी लगाकर घर में घुस गए तथा खिड़की के स्लाइडर का लॉक काटकर घर में रखे कई सामान चुरा ले गए.(नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना तब मिली जब उनकी पत्नी आशा देवी की नींद खुली. उन्होंने देखा कि घर की खिड़की खुली हुई है तथा सामने के एक कमरे का भी दरवाजा खुला हुआ है. इसके बाद उसने अपने परिजनों को जगा कर बताया कि घर में चोरी हो गई है. इसके बाद गृहस्वामी ने सेक्टर 12 थाना की पुलिस को घटना की सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अपराधी रवि कुमार पांडे को गिरफ्तार कर उसके घर के किचन में छुपा कर रखे गए चोरी के सामान भी बरामद कर लिए . इस बाबत जानकारी देते हुए दरोगा महावीर प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी के सामान भी बरामद कर लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ऐसे ही गैरेज से कुछ सामान चोरी गई थी वह भी सामान रवि कुमार पांडे के घर से बरामद किया गया है.




