गालूडीह: गालूडीह के बीआरसी भवन परिसर में गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से समग्र शिक्षा कार्यक्रम के तहत दिव्यांगता जांच सह उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद सुभाष सिंह, उप प्रमुख गोपाल कृष्ण अग्रवाल, उप मुखिया कपिल देव शर्मा, पंसस शीला गोप ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया. समारोह में घाटशिला प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे तीन से 18 वर्ष के 19 दिव्यांग बच्चों के बीच अतिथियों के हाथों व्हीलचेयर, सीपी चेयर, हियरिंग एड, एमएसआईडी किट, ब्रेल किट वितरण किया गया. वहीं, शिविर में 50 नए दिव्यांग बच्चों ने पंजीकरण कराया. चिकित्सकों की टीम द्वारा नाक, कान, गला, मूक बधिर एवं मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों का जांच कर चिन्हित किया गया. उनको कुछ महीने बाद आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

जांच टीम में डॉ महेंद्र कुमार, डॉ दीपक कुमार मंडल, डॉ हनजला इरशाद, डॉ गुरुदत्ता लेंका, छोटू सिंह, सुंदरम तिवारी आदि थे. इस अवसर पर बीईओ सुबोध कुमार राय ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को उपकरण उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य उनकी शारीरिक समस्याओं को दूर कर उन्हें अवसर प्रदान करना है, ताकि वे भी शिक्षित होकर समाज में आगे बढ़ सके. शिविर में दिव्यांग बच्चों और अभिभावकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी थी. मौके पर बीईओ सुबोध कुमार राय, जिला समावेसी प्रभाग प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा, बीपीओ मुरली मोहन मुंडा, जिला परिषद सुभाष सिंह, उप प्रमुख गोपाल कृष्ण अग्रवाल, उप मुखिया कपिल देव शर्मा, पंसस शीला गोप, रिसोर्स शिक्षक निखिल मंडल, अभय सिंह, अमिता राहा, संजीत दत्ता, अनिता महतो, शिखा महतो, विजय शंकर हेंब्रम आदि उपस्थित थे.



