घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय द्वारा आयोजित वन महोत्सव माह के दौरान चलाये जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत लगातार पौधरोपण जारी हैं. विदित हो कि कालेज में 1 जुलाई से यह अभियान की शुरुआत की गयी थी जिसे 31 जुलाई तक चलना था. आगामी 5 अगस्त 2023 को वन महोत्सव माह का समापन समारोह आयोजित किया जा रहा है. अतः 31 जुलाई के बाद भी विद्यार्थी और वॉलंटियर्स लगातार पौधारोपण कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)

विगत 1, 2 और 3 अगस्त को भी मिहिर भकत ने कदमडीह गांव में 34 पौधा, अभिषेक कुमार भकत ने तिलाबानी गांव में 25 पौधे, मोचीराम हांसदा और लोकनाथ महतो ने धालभूमगढ़ के एनएच किनारे 11 पौधे और बदिया, मुसाबनी की एनएसएस वॉलंटियर्स सुहाना परवीन ने 34 पौधे, नवमी महतो ने बांकी गांव में 11 पौधे लगाए. एन एस एस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो इंदल पासवन ने बताया कि वन महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य आमंत्रित के रूप में लेडी टार्जन पद्मश्री जमुना टुडू शिरकत करेंगी.(नीचे भी पढ़े)
प्राचार्य डॉ आरके चौधरी ने बताया कि समापन समारोह में पूरे एक महीने चले पौधारोपण अभियान का विस्तृत विवरण पेश किया जाएगा, साथ ही एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी. घाटशिला के आसपास पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए कार्य करनेवाले कुछ नागरिकों को भी सम्मानित किया जाएगा. प्राचार्य ने सभी वॉलंटियर्स और विद्यार्थियों को समापन समारोह में शामिल होने की अपील की है.



