चाकुलिया: विधानसभा के मॉनसून सत्र के पांचवें दिन शुन्य काल में बहरागोड़ा विधायक समीर महंती ने किसानों के मुद्दा को उठाते हुए सदन को बताया कि वर्ष 2023 की शुरुआत में धान बेचने वाले किसानों को अब तक सिर्फ पचास प्रतिशत राशि ही भुगतान की गयी है. तब से लेकर अब तक करीब छह माह से ज्यादा गुजर जाने के बाद भी शेष राशि की भुगतान नही होने से किसानों के समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न हो रहीं हैं.(नीचे भी पढ़े)
वर्तमान समय खेती का है और भुगतान नहीं होने से पैसे की कमी के कारण किसान निराश एवं हताश है. श्री महंती ने सदन के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि किसानों की बकाया राशि का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए एवं ऐसी नीति का निर्धारण किया जाए जिससे भविष्य में हमारे अन्नदाता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े. विधायक ने सदन में कृषि बीमा एवं आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के पोषाहार राशि के भुगतान का मामला उठाते हुए कहा कि बहरागोड़ा कृषक बहुल क्षेत्र है. यहां काफी संख्या में कृषक निवास करते हैं एवं इनका जीवनयापन का मुख्य आधार कृषि है..(नीचे भी पढ़े)
श्री महंती ने 2016-18 की फसल बीमा योजना की बीमा राशि का भुगतान नहीं होने का मामला उठाया जिसके जवाब में सरकार ने आश्वस्त किया कि जिन किसानों का कृषि बीमा का भुगतान किसी तकनीकी त्रुटि के कारण नहीं हो पाया है. उसके भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.आंगनबाड़ी सेविका सहायिका के पोषाहार भुगतान का मामला सदन में उठाते हुए विधायक ने पूछा कि विगत फ़रवरी माह से पोषाहार राशि का भुगतान क्यों नहीं किया गया..(नीचे भी पढ़े)
जबकि आंगनबाड़ी में हमारे गरीब बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पोषाहार दिया जाता है. समय पर राशि का भुगतान नहीं होने से हमारे ग्रामीण नौनिहालों एवं बहनों को पोषाहार उपलब्ध होने में परेशानी होती है. श्री महंती ने सदन से आग्रह किया कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को ससमय पोषाहार का भुगतान किया जाए एवं फ़रवरी 2023 से अब तक सभी केंद्रों में चावल, रसोई गैस, गैस रिफलिंग की राशि के साथ सेविकाओं को साइकिल की राशि का भुगतान अविलंब भुगतान किया जाए.




