
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित बेल्डीह चर्च स्कूल में कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ का नारा लगानेवाले सात विद्यार्थियों को सात दिनों के लिए निलंबित किये जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है. इस मामले को लेकर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने संयुक्त रूप से बुधवार को स्कूल और जिला शिक्षा विभाग के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. इस दौरान स्थानीय पुलिस ने जिला शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया. इसके बाद उनके प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों से बात की व ज्ञापन सौंपा. अधिकारियों ने मामले की जांच व कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. वहीं प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अंकित आनंद, अप्पू तिवारी व अन्य ने बताया कि यदि इस मामले में विभाग स्कूल के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है, तो कल (गुरुवार) की शाम वे स्कूल के सामने महाआरती व हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे.
किसी विद्यार्थी को निलंबित नहीं किया गया : प्राचार्या
दूसरी ओर स्कूल की प्राचार्या एल पिटर्सन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि स्कूल में किसी भी विद्यार्थी को निलंबित नहीं किया गया है. वे छात्र लाइब्रेरी क्लास बंक कर रहे थे और उन्हें अपने माता-पिता को लेकर आने को कहा गया था. उन्होंने कहा है कि चूंकि बोर्ड परीक्षा नजदीक है, इसलिए उनके माता-पिता को बच्चों की गतिविधियों से अवगत कराने के लिए यह कदम उठाया गया है.



