बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के चित्रेश्वर धाम का सार्वजनिक तालाब का पानी प्रदूषित हो गया है। पानी के प्रदूषित होने से तालाब में छोड़ी गई मछलियां मर रही हैं। ग्रामीणों ने तालाब में नहाना बंद कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक अब तक लगभग पांच क्विंटल मछलियां मर गई हैं। मछलियों के मरने का सिलसिला जारी है। ग्रामीण तालाब के पानी में चूना डालने में जुटे हैं तालाब के पानी को पंप से बाहर निकाला जा रहा है और दूसरा पानी भरा जा रहा है।
जानकारी हो कि पौराणिक शिव मंदिर से सटे इस तालाब में ग्रामीण मछलियां छोड़ते हैं। मछलियों की बिक्री से प्राप्त आय सार्वजनिक कार्य में खर्च की जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि फिलहाल तालाब में तीन किलो से लेकर पांच किलो वजन की मछलियां हैं। पिछले कई दिनों से तालाब की मछलियां मर रही है। इससे भारी नुकसान होगा। तालाब के पानी को साफ करने के लिए ग्रामीणों ने अब तक दो क्विंटल चूना तालाब में डाला है। विदित हो कि इस मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालु उक्त तालाब में ही नहाते हैं। तालाब के पानी का प्रदूषित होने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है। ( फोटो: 1. तालाब में चूना डालते ग्रामीण 2. मरी हुई मछली)






