जमशेदपुर : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष श्यामनंदन सिंह ने जिले के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु पूर्व में दिए गए मांग पत्र के आलोक में अब तक कार्रवाई शुरू नहीं होने पर उपायुक्त एवं जिला शिक्षा अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को स्मार पत्र सौंपा है। संघ ने पूर्व में जिले के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं जैसे ग्रेड 2 में कार्यरत शिक्षक जिनकी 24 वर्षों की लगातार सेवा पूरी हो चुकी है उन्हें ग्रेड 3 में प्रोन्नति देने, झारखंड सरकार द्वारा जारी संकल्प के आलोक में ग्रेड-4 में कार्यरत शिक्षकों को नियमानुसार एक वेतन वृद्धि का लाभ देने, स्नातक प्रशिक्षित एवं प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत शिक्षकों को भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति देने, 3 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके जिले के सभी शिक्षकों की सेवा संपुष्टि करने, स्नातक कला/ भाषा/ विज्ञान एवं प्रधानाध्यापक के रिक्त पदों को वरीयता सूची के अनुसार भरने, मध्याह्न भोजन ऑडिट से शिक्षकों को मुक्त करने, अन्नामृता फाउंडेशन द्वारा विद्यालयों को आपूर्ति किए जाने वाले मध्याह्न भोजन में दाल और सब्जी अलग-अलग नहीं देने/हरी सब्जी के जगह पर सिर्फ चना/मटर/काबुली चना के साथ दाल मिक्स कर देने, सप्ताह में 2 दिन फल नियमित रूप से नहीं देने, फल में अधिकांशतः हर बार सिर्फ केला ही देने के आलोक में उचित कार्रवाई करने, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, मुसाबनी के रिक्त पद पर क्षेत्र के वरीय प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी के रूप में प्राधिकृत करने आदि अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष श्यामनंदन सिंह ने कहा है कि एक माह के अंदर उपरोक्त समस्याओं पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संघ को बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ सकता है।



