जमशेदपुर :झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने जमशेदपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 1 नवंबर को परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के परिचालन पर समयबद्ध पाबंदी (नो-एंट्री) लगाई गई है. जमशेदपुर के ट्राफिक डीएसपी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार बसों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए निश्चित समय-सारणी निर्धारित की गई है. 1 नवंबर को सुबह 05 बजे से 09:15 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का नो-एंट्री रहेगा (बस को छोड़कर पूर्णत: वर्जित).(नीचे भी पढ़े)
इसी तरह सुबह 09:15 बजे से 11:15 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश की अनुमति रहेगी. सुबह 11:15 बजे से दोपहर 02:15 बजे तक शहर में भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा (बस को छोड़कर). दोपहर 02:15 बजे से 03:30 बजे तक भारी वाहनों का शहर से बाहर जाने (निकास) की अनुमति होगी. दोपहर 03:30 बजे से रात 11:00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन पुनः पूर्णतः वर्जित रहेगा (बस को छोड़कर). पुलिस और जिला प्रशासन (उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी यातायात) ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे जारी समय-सारणी को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि परीक्षा के दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचा जा सके.












