
जमशेदपुर : झारखंड इंटक के प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को हुई. यह बैठक वर्चुअल तरीके से हुई, जिसमें झारखंड प्रदेश कार्यसमिति से जुड़े हुए लोगों ने हिस्सा लिया. इस दौरान गुटबाजी चरम पर दिखी. झारखंड इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने धैर्य का परिचय दिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी ने गुटबाजी से ऊपर उठकर आपसी सहयोग से संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया तो इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय का भी जोरदार तरीके से विरोध हुआ. इस विरोध की मशाल जलनी शुरू ही हुई थी कि जमशेदपुर के कांग्रेस जिला अध्यक्ष और राकेश्वर पांडेय के कभी सबसे करीबी माने जाने वाले विजय खां ने राकेश्वर पांडेय का विरोध के मशाल को और तेज कर दिया. इस दौरान विजय खां ने कहा कि अगर सबको विश्वास में लेकर राकेश्वर पांडेय को अध्यक्ष या पूरी कमेटी बनायी जाती तो किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती. लेकिन रघुनाथ पांडेय, आर रवि प्रसाद समेत तमाम पदाधिकारियों से कोई रायशुमारी नहीं की गयी और एकतरफा कमेटी बना दी गयी, जिस कारण विरोध शुरू कर दिया गया. इस दौरान कोलियरी के नेता और स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के सबसे करीबी नेता एके झा ने भी विरोध किया और कहा कि राजेंद्र बाबू जब कमेटी बनाते थे तो सबसे बात करते थे, लेकिन वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ने कोई बातचीत ही नहीं किया, इस कारण तत्काल चुनाव कराया जाना चाहिए. इस दौरान इंटक नेता राणा संग्राम सिंह ने कहा कि चुनाव कराना अभी ठीक नहीं होगा, एक साल तक कमेटी को चलने दिया जाये, उसके बाद चुनाव कराया जायेगा. इस दौरान सभी बड़े नेता मौजूद थे.






