जमशेदपुर : जमशेदपुर समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाटशिला विधानसभा उप चुनाव हेतु मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी. उन्होने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के निमित्त एकीकृत निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन 2 सितम्बर को सभी मतदान केन्द्रों में किया गया है एवं निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 29 सितम्बर को निर्धारित है. दावा या आपत्ति प्राप्त करने की अवधि 2 से 27 सितम्बर तक है. (नीचे भी पढ़े)
दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 25 सितम्बर तक होगी. निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 16 के अनुसार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रपत्र 9, 10, 11 एवं 11ए तथा 11बी में दावों और आपत्तियों की सूची तैयार करेंगे और ऐसी सूचियों की एक प्रति अपने कार्यालय में नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करेंगे तथा सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों को साप्ताहिक आधार पर साझा करेंगे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मतदान केन्द्रों के रेशनलाइजेशन उपरांत 9 नए मतदान केन्द्र बनाए गए हैं. पूर्व में अधिसूचित 291 मतदान केन्द्रों के स्थान पर अब कुल 300 मतदान केन्द्र पर मतदाता मतदान कर सकेंगे, कुल भवनों की संख्या 218 है. (नीचे भी पढ़े)
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 251367 मतदाता हैं. मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम उपरांत मतदाताओं की संख्या बढ़ने की संभावना है. उपायुक्त- सह- जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई को अर्हता तिथि के आधार पर योग्य नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु प्रपत्र-6 में आवेदन कर सकते हैं. नाम संशोधन हेतु प्रपत्र-8 तथा स्थानांतरण व विलोपन हेतु प्रपत्र-7 में आवेदन किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के आवेदन ऑनलाइन वोटर्स.ईसीआई.जिओवी.इन या वोटर हेल्पलाइन ऍप के माध्यम से भी किए जा सकते हैं. इसके अतिरिक्त संबंधित बीएलओ या ईआरओ या एईआरओ के कार्यालय में भी आवेदन जमा किया जा सकता है.




