रांची: राजधानी रांची के खेलगांव चौक में शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवती की मौत हो गयी. वहीं युवती के साथ स्कूटी पर बैठे उसके छोटे भाई को हल्की चोट आयी है. मृतक युवती कोकर की रहने वाली थी. वह अपने भाई के साथ स्कूटी पर सवार होकर मंदिर पूजा करने जा रही थी. इस दौरान सड़क हादसा हो गया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोकर निवासी युवती अपने भाई के साथ स्कूटी पर मंदिर पूजा करने जा रही थी. इस दौरान खेलगांव चौक के पास एक स्कूली बस ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवती सड़क पर गिर गयी. इसके बाद स्कूली बस युवती को कुचलते हुए भाग निकला. (नीचे भी पढ़े)
घटना सुबह करीब सात बजे के आस पास की बतायी जाती है. घटना के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलते ही परिजन घटना स्थल पहुंचे. सड़क पर पड़े बेटी के शव को देखर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. घटना में घायल युवती के भाई ने बताया कि स्कूली बस चालक ने लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मारी, फिर बस चालक युवती को कुचलते हुए पार हो गया. दर्दनाक हादसा आंखों के सामने हो गया और बहन की मौत हो गयी. बस चालक की लापरवाही को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश है.



