जमशेदपुर : वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले विनय राय एवं राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सक्रिय पहल की. दोनों जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद विदेश मंत्रालय ने भारत सरकार के खर्च पर दोनों पार्थिव शरीरों को वियतनाम से भारत लाने की व्यवस्था की है. भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी ने बताया कि पार्थिव शरीर हो ची मिन्ह एयरपोर्ट से हनोई होते हुए 3 अक्टूबर को इंडिगो की फ्लाइट से दोपहर 1:30 बजे कोलकाता पहुंचेंगे. इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे जाएंगे. इस पूरी प्रक्रिया में पूर्व खादी बोर्ड सदस्य कुलवंत सिंह बंटी भी लगातार परिजनों के संपर्क में हैं और आवश्यक समन्वय में सहयोग कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा कदमा मंडल के बूथ अध्यक्ष रमेश राय के पुत्र विनय राय एवं कदमा मंडल कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राय के भतीजे थे. वहीं राजा कुमार वर्मा रांची के योग शिक्षक थे. दोनों के असामयिक निधन से परिवार एवं शुभचिंतकों में गहरा शोक है. परिजनों ने पार्थिव शरीर भारत लाने की व्यवस्था में सहयोग के लिए भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार व्यक्त किया है.







