जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी पुलिस ने गुरुवार की शाम को केबुल कंपनी के पास ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन रवानी को हिरासत में लिया गया. आरोपी अमन गोलमुरी के स्लैग रोड सब्जी दुकान के पास का रहने वाला है. घटना के संबंध में गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. प्राप्त सूचना के अनुसार, बंद पड़े केबुल कंपनी के पास दो युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में लगे थे. पुलिस ने तुरंत छापेमारी की. (नीचे भी पढ़े)

छापेमारी के समय अमन रवानी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा युवक रोहित कालिंदी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. रोहित ने अपने सुराग छुपा दिए हैं, इसलिए पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. रोहित गोलमुरी के नेहरू कॉलोनी का निवासी बताया जाता है. पुलिस का कहना है कि अमन रवानी से पूछताछ जारी है. दोनों आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का यह नेटवर्क कितना बड़ा है. थाना प्रभारी संजय सुमन ने कहा कि जल्द ही रोहित को भी गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह की नशा तस्करी संबंधी गतिविधियों की सूचना देने में सहयोग करें, ताकि समाज से नशे की जड़ें समाप्त की जा सकें.



