जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के बीचएरिया रोड नंबर 5 में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. चोरों ने सुनसान पड़े एक क्वार्टर को निशाना बनाते हुए 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया. जानकारी के मुताबिक, दोपहर में घर को खाली पाकर चोरों ने सबसे पहले प्रवेश द्वार सहित चारों दरवाजों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद घर में रखी दो अलग-अलग अलमारियों के लॉकर तोड़कर कीमती गहने और नकदी उड़ा ले गए. बताया जा रहा है कि परिवार में हाल ही में शादी हुई थी और शादी के लिए खरीदे गए सभी गहने अलमारी में रखे हुए थे. चोर उसी गहनों समेत अन्य कीमती सामान को अपने साथ ले जाने में सफल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

शाम को जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो सभी ताले टूटे मिले. अलमारी और कमरों का बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए. तत्काल इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस टीम घर का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. चोरों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.



