पोटका: कोवाली थाना क्षेत्र के हेंसल आमदा पंचायत अंतर्गत वर्गीकोचा गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों द्वारा ट्रांसफॉर्मर चोरी करने का प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता से विफल हो गया. हालांकि चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन अपनी एक मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए. ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल को जब्त कर घटना की सूचना कोवाली पुलिस को दे दी है. भाजपा नेता मनोज सरदार भी घटनास्थल पर पहुंच ग्रामीणों से मामले की जानकारी ले रहे है .(नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की रात चोर गांव में लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर को खोलकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान ग्रामीणों की नींद खुल गई. शोरगुल होने पर चोर घबराकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए. भागने की जल्दबाजी में वे अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ गए. घटना के बाद ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर कोवाली पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस जब्त मोटरसाइकिल के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है.












