जमशेदपुर : जमशेदपुर की मानगो पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस की यह कार्रवाई रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे सरोवर हिल्स एनएच-33 क्षेत्र में की गयी, जहां छापेमारी के दौरान तीनों आरोपी हथियारों के साथ धर दबोचे गए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर-12 निवासी दानिश हुसैन (20), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली गौसनगर निवासी राशिद अंसारी (25) तथा कपाली अली मस्जिद के पास रहने वाले गुलाब खान उर्फ तन्नी (19) के रूप में हुई है. सभी आरोपी पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू और एक बाइक बरामद की है. (नीचे भी पढ़ें)
बरामद हथियारों को जब्त कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हथियारों के साथ किस उद्देश्य से इलाके में घूम रहे थे और इनके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है. घटना के संबंध में मानगो थाना के एसआई महेंद्र कुमार के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे क्षेत्र में अवैध हथियारों की आपूर्ति और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. मानगो पुलिस ने इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम बताया है और स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.















