जमशेदपुर : जमशेदपुर की मानगो पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. जहां रविवार की रात मानगो एनएच33 स्थित सरोवर हिल होटल के पास बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तीन अभियुक्त बैठे थे. इनकी भनक सिटी एसपी को लग गयी. इसके बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसे डीएसपी हेड क्वार्टर वन के द्वारा लीड किया गया. वहीं छापेमारी करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन को पकड़ा गया. सोमवार को एसएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो थाना क्षेत्र के आजादनगर रोड नंबर-12 निवासी दानिश हुसैन (20), सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली गौसनगर निवासी राशिद अंसारी (25) तथा कपाली अली मस्जिद के पास रहने वाले गुलाब खान उर्फ तन्नी (19) के रूप में हुई है. सभी आरोपी पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू और एक बाइक बरामद की है. उन्होंने बताया कि चार दिन पूर्व कपाली के रामू होटल के पास नशे की हालत में सिगरेट पीने को लेकर इनका किसी से विवाद हुआ था और हाथापाई भी हुई थी. इसका बदला लेने के फिराक में ये सभी सरोवर हिल होटल के पास घात लगाये बैठे थे, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई करते हुए अपराधियों को पकड़ ली. गुलाम खान का अपराधिक इतिहास है. उस पर हत्या का मामला दर्ज है. फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.















