वरुण कुमार : भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास केवल महापुरुषों के नामों से नहीं, बल्कि उन जुझारू व्यक्तित्वों से भी बना है जिन्होंने विचार, संगठन और बलिदान—तीनों को एक साथ साधा. ऐसे ही विरले क्रांतिकारियों में एक नाम है बारीन्द्र कुमार घोष का, जिन्हें इतिहास बारिन घोष के नाम से भी जानता है. वे न केवल उग्र क्रांतिकारी आंदोलन के सूत्रधार थे, बल्कि निर्भीक पत्रकार और विचारशील लेखक भी थे. अध्यात्म की ऊंचाइयों तक पहुंचे अरविंद घोष के छोटे भाई होते हुए भी बारीन्द्र कुमार घोष ने अपने लिए संघर्ष और जोखिम से भरा अलग मार्ग चुना. (नीचे भी पढ़ें)
5 जनवरी 1880 को लंदन के निकट क्रॉयडन कस्बे में जन्मे बारीन्द्र कुमार घोष ऐसे परिवार से आए, जहां बौद्धिकता और राष्ट्र-चिंतन सांसों में घुला था. पिता डॉ. कृष्णनाथ घोष एक प्रतिष्ठित चिकित्सक और जिला सर्जन थे, जबकि माता स्वर्णलता देवी समाज-सुधारक और विद्वान राजनारायण बसु की पुत्री थीं. अरविंद घोष जैसे बड़े भाई का सान्निध्य और मनमोहन घोष जैसे विद्वान भाई का साहित्यिक वातावरण—इन सबने बारीन्द्र के व्यक्तित्व को प्रारंभ से ही वैचारिक दृढ़ता प्रदान की.
देवगढ़ में स्कूली शिक्षा और 1901 में पटना कॉलेज में उच्च अध्ययन के बाद बारीन्द्र कुमार घोष ने बड़ौदा में सैन्य प्रशिक्षण लिया. यहीं उनका संपर्क सक्रिय क्रांतिकारी विचारधारा से हुआ. यह वह दौर था जब बंगाल विभाजन ने युवाओं के भीतर उबाल पैदा कर दिया था. संवैधानिक राजनीति से मोहभंग हो चुका था और आज़ादी के लिए निर्णायक टकराव की सोच जन्म ले रही थी.
1906 में स्वदेशी आंदोलन की पृष्ठभूमि में बारीन्द्र कुमार घोष ने बंगाली साप्ताहिक ‘युगान्तर’ का प्रकाशन आरंभ किया. यह अखबार ब्रिटिश सत्ता के लिए मात्र समाचार-पत्र नहीं, बल्कि खुली चुनौती था. ‘युगान्तर’ ने युवाओं को क्रांति के लिए वैचारिक हथियार दिए. इनके लेखों में अंग्रेज़ी शासन की बर्बरता, दासता के विरुद्ध आह्वान और बलिदान की चेतना मुखर थी. भूपेन्द्रनाथ दत्त जैसे क्रांतिकारी साथियों के साथ मिलकर बारीन्द्र कुमार घोष ने बंगाल में उग्र राष्ट्रवाद की वैचारिक नींव रखी. (नीचे भी पढ़ें)
बारीन्द्र कुमार घोष और भूपेन्द्रनाथ दत्त के सहयोग से 1907 में कलकत्ता में ‘अनुशीलन समिति’ का गठन किया गया, जिसका प्रमुख उद्देश्य था- “खून के बदले खून.” 1905 के बंग भंग ने युवाओं को आंदोलित कर दिया था, जो अनुशीलन समिति की स्थापना के पीछे एक प्रमुख वजह बना. इस समिति का जन्म 1903 में ही एक व्यायामशाला के रूप में हो गया था और इसकी स्थापना में प्रमथनाथ मित्र और सतीश चन्द्र बोस का प्रमुख योगदान था. एमएन राय के सुझाव पर इसका नाम अनुशीलन समिति रखा गया. प्रमथनाथ मित्र इसके अध्यक्ष, चित्तरंजन दास व अरविन्द घोष इसके उपाध्यक्ष और सुरेन्द्रनाथ ठाकुर इसके कोषाध्यक्ष थे. इसकी कार्यकारिणी की एकमात्र शिष्य सिस्टर निवेदिता थीं. 1906 में इसका पहला सम्मलेन कलकत्ता में सुबोध मलिक के घर पर हुआ. बारीन्द्र कुमार घोष जैसे लोगों का मानना था की सिर्फ राजनीतिक प्रचार ही काफ़ी नहीं है, नौजवानों को आध्यात्मिक शिक्षा भी दी जानी चाहिए. उन्होंने अनेक जोशीले नौजवानों को तैयार किया जो लोगों को बताते थे कि स्वतंत्रता के लिए लड़ना पावन कर्तव्य है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्य की सहूलियत के लिए अनुशीलन समिति का दूसरा कार्यालय 1904 में ढाका में खोला गया, जिसका नेतृत्व पुलिन बिहारी दास और पी. मित्रा ने किया. ढाका में इसकी लगभग 500 शाखाएं थीं. इसके अधिकांश सदस्य स्कूल और कॉलेज के छात्र थे. सदस्यों को लाठी, तलवार और बन्दूक चलने का प्रशिक्षण दिया जाता था, हालांकि बंदूकें आसानी से उपलब्ध नहीं होती थीं. बारीन्द्र कुमार घोष ने 1905 में क्रांति से सम्बंधित ‘भवानी मंदिर’ नामक पहली किताब लिखी. इसमें ‘आनंद मठ’ का भाव था और क्रांतिकारियों को सन्देश दिया गया था कि वे स्वाधीनता की प्राप्ति होने तक संन्यासी का जीवन बिताएं. 1907 में क्रांतिकारी गतिविधियों को संगठित रूप देने के लिए बारीन्द्र कुमार घोष ने ‘मनिकतला पार्टी’ का गठन किया. यह संगठन गुप्त प्रशिक्षण, बम निर्माण और अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध सशस्त्र कार्रवाइयों का केंद्र बना.मणिकतल्ला बम कांड ने ब्रिटिश सरकार को झकझोर कर रख दिया और यही वह मोड़ था जहां बारीन्द्र कुमार घोष सीधे औपनिवेशिक दमन के निशाने पर आ गए. (नीचे भी पढ़ें)
1908 में बारीन्द्र कुमार घोष को गिरफ़्तार कर मृत्यु-दंड सुनाया गया. यह समाचार उस समय पूरे देश में हलचल मचा देने वाला था. बाद में उनकी सज़ा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया और उन्हें अंडमान की कुख्यात सेल्युलर जेल भेज दिया गया. दस वर्ष तक उन्होंने अमानवीय यातनाएं सहीं. कालापानी का यह कालखंड उनके जीवन की सबसे कठिन परीक्षा थी, लेकिन यही समय उन्हें भीतर से और अधिक दृढ़ तथा चिंतनशील बनाता गया. क्रांति के बाद की कलम कारावास से मुक्ति के बाद बारीन्द्र कुमार घोष ने सशस्त्र संघर्ष से दूरी बनाते हुए पत्रकारिता को अपना माध्यम बनाया. वे बंगाली दैनिक ‘वसुमित्र’ और अंग्रेज़ी अख़बार ‘द स्टेट्समैन’ से जुड़े. उनके लेखों में अब केवल आक्रोश नहीं, बल्कि अनुभव से उपजा विवेक, आत्मालोचन और राष्ट्रनिर्माण की चिंता दिखाई देती है. वे उन क्रांतिकारियों में शामिल थे जिन्होंने यह समझा कि स्वतंत्रता के बाद भी वैचारिक जागरूकता आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)
बारीन्द्र कुमार घोष का जीवन यह सिखाता है कि स्वतंत्रता संग्राम केवल बंदूक और बम की कहानी नहीं है. यह विचार संगठन, त्याग और समय के साथ आत्म परिवर्तन की भी गाथा है. वे क्रांति की प्रयोगशाला से निकले ऐसे योद्धा थे, जिन्होंने अंततः पत्रकारिता की पाठशाला में राष्ट्र को चेतना दी. आज जब हम बारीन्द्र कुमार घोष की जयंती मना रहे हैं, तब उनका जीवन हमें यह याद दिलाता है कि आजादी साहस से मिलती है, लेकिन उसे बचाए रखने के लिए विवेक और विचार चाहिए.















