जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत आज़ादनगर नंबर-2 के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया. गुप्त सूचना के आधार पर मानगो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार संख्या जेएच05सीसी 1300 को रोका. जांच के दौरान पाया गया कि कार में पांच गोवंशों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने मौके से वाहन चालक को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया. जांच में यह भी सामने आया कि वाहन पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है. सभी गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.















