जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत टुईलाडूंगरी इलाके में गुरुवार की रात उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब 20 से 22 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में टुईलाडूंगरी निवासी सरबजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी हमलावर हिंदूबस्ती निवासी सुखराज के साथ मौके पर पहुंचे थे. हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और अन्य घातक हथियार थे. अपराधियों ने सरबजीत सिंह को चारों ओर से घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर किए गए हमलों से सरबजीत सिंह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. (नीचे भी पढ़ें)

इतना ही नहीं, हमलावरों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया. गुस्से में अपराधियों ने पास में खड़ी दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे आसपास के लोग और अधिक दहशत में आ गए. शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय लोग जुटने लगे तो हमलावर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही घायल सरबजीत सिंह को आनन-फानन में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. उधर, सूचना पाकर गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है. इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.














