चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. मझगांव प्रखंड के झारखंड–ओडिशा सीमा क्षेत्र स्थित बेनीसागर गांव में शुक्रवार को हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में 40 वर्षीय प्रकाश मालवा और एक नाबालिग बच्चा शामिल है. इस घटना के साथ ही बीते 9 दिनों में जिले में हाथी के हमलों से मरने वालों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गयी है. बताया जाता है कि हाथी ने दोनों को पटक-पटक कर मार डाला. घटना के बाद हाथी काफी देर तक बच्चे के शव के पास ही खड़ा रहा, जिससे इलाके में दहशत फैल गयी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और मझगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद हाथी को नियंत्रित करने में वन विभाग को सफलता नहीं मिल पाई है. इसके लिए ओडिशा से हाथियों को नियंत्रित करने के लिए दक्ष विशेषज्ञ टीम को बुलायी गयी है. पश्चिम बंगल से पहले ही अनुभवी टीम मौजूद है. उसके बावजूद टीम को सफलता नहीं मिल रही है. क्षेत्र में दहशत से ग्रामीण शाम होते ही अपने अपने घरों में दुबक जाते है. गावों में अघोषित कर्फ्यू की स्थिति बन जाती है.














