जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सीतारामडेरा थानांतर्गत पांडेय घाट शौचालय के पास छापामारी कर 16 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपी, मोरन सिंह सवैया एवं शनि मुंडुइया पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी के रहनेवाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि जमशेदपुर पुलिस इन दिनों मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं सेवन पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार विशेष अभियान चला रही है. इसी क्रम में गुरुवार की रात 9:25 बजे के करीब सीतारामडेरा पुलिस को गुप्त रूप से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के पांडेय घाट शौचालय के पास कुछ लड़के बैठ कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. प्राप्त सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष की निगरानी एवं मुख्यालय 1 डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामार दल का गठन कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई. (नीचे भी पढ़ें)
विशेष दल ने पांडेय घाट शौचालय के पास छापामारी के लिए पहुंचा तो उन्हें देख कर पांडेय घाट शौचालय के पास बैठ कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करनेवाले सभी लोग वहां से भागने लगे. दल में शामिल पुलिस कर्मियों ने खदेड़ कर दो युवकों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम मोरन सिंह सवैया एवं सनी मुंडुइया बताया जो पश्चिम सिंहभूम के झींकपानी के निवासी हैं. पुलिस ने जांच के क्रम में उनके पास से 16 पुड़िया ब्राउन शुगर एवं दो मोबाइल फोन बरामद किये. पकड़ाये आरोपियों में से एक सनी मुंडुइया इससे पूर्व भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस ने पकड़ाये दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.















