गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघुड़िया पंचायत के चाढ़री गांव के समीप शनिवार को खेतों के बीच स्थित कुएं से एक 56 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध हालत में शव बरामद किया गया. शव की पहचान कासपानी गांव निवासी भागवत सोरेन उर्फ हाथीराम के रूप में की गयी है. थाना को सूचना मिलने पर एसआई बिरसा तिर्की, संजय मिंज और मिथिलेश कुमार मौर्या दलबल के साथ चाढ़री गांव पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने बताया कि भागवत सोरेन हाइवे किनारे ढाबा खोला था. उसका वह संचालन करता था और खेतीबाड़ी का भी काम करता था. मंगलवार 6 जनवरी 2025 से लापता था. शुक्रवार को थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी. उनका तबीयत ठीक नहीं था. ब्लड प्रेशर काफी बढ़ा हुआ था. वहीं, इस घटना के बाद पत्नी कपरा सोरेन, बेटा दुर्गाचरण सोरेन, बेटी मीनुका सोरेन, भाई गणेश सोरेन और मनसाराम सोरेन का रो-रोकर बुरा हाल है.















