जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर के हिंदी विभाग की ओर से शनिवार को विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह ने की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने हिंदी को रोजगार की भाषा बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने हिंदी के भविष्य की चर्चा करते हुए कहा कि यदि हिंदी को रोजगार से नहीं जोड़ा गया तो भूमंडलीकरण के इस दौर में हिंदी पिछड़ जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

आयोजन के मुख्य वक्ता डॉ सुधीर सुमन ने वर्तमान संदर्भ में हिंदी भाषा और साहित्य विषय पर अपनी बात रखी. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाषा का प्रसार तभी होगा जब तक वह आम लोगों की भाषा रहेगी. भाषा को विशिष्ट और क्लिष्ट बनाने पर उसकी व्यापकता कम हो जाएगी. हिंदी भाषा के विकास में हिंदी के विद्यार्थियों की भूमिका अहम होती है. अतः उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक किताबें खरीदें और उन्हें पढ़ें. इसके साथ ही स्नातकोत्तर के पाठ्यक्रम में सम्मिलित शोध कार्य में वे क्षेत्रीय साहित्यकारों पर शोध करें. धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ पुष्पा सिंह ने किया. इनके अतिरिक्त कार्यक्रम में विभाग की अध्यापिकाएं डॉ प्रियंका सिंह, डॉ सबिता पॉल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.















