रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:आगामी पीपीपी ट्रॉफी 2026 के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से विधायक सह संचालन समिति के संरक्षक सुखराम उरांव के नेतृत्व में रेलवे हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान मैदान की समतलता, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई. श्री उरांव ने संबंधित पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पीपीपी ट्रॉफी न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी सशक्त बनाएगी.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो, ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं यादगार बन सके.विधायक सुखराम उरांव ने प्रतियोगिता को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि रेगुलर वर्ग की विजेता टीम को ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को ₹31,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. वहीं सीनियर वर्ग की सभी 16 टीमों को एकल पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.इसके अलावा हर मैच में मैन ऑफ द मैच, फाइनल में मैन ऑफ द फाइनल, पूरे टूर्नामेंट में मैन ऑफ द टूर्नामेंट, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज समेत कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे. विधायक ने यह भी बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु के चक्रधरपुर के पूर्व क्रिकेटरों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिसकी सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को जर्सी उपलब्ध कराई जाएगी. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही 23, 24, 25 एवं 26 जनवरी को टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के लिए दोपहर के भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की जाएगी.आज रेलवे हाई स्कूल मैदान में उपस्थित सदस्यों ने पीपीपी ट्रॉफी 2026 को सफल और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया.पीपीपी ट्रॉफी 2026 को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी हुई है. रेलवे हाई स्कूल मैदान में पहुंचेविधायक सुखराम उरांव के साथ आयोजन समिति के गुड्डू सिंह, शेषनारायण लाल , नारायण अग्रवाल, विवेक कुमार ,पंकज शर्मा, परविंदर सिंह चौहान, चुन्नू रहमान, राजेश गुप्ता ,अभय साव, नज्जू समेत क्रिकेट का अभ्यास करने पहुंचे खिलाड़ी समेत संचालन समिति की पूरी टीम मौजूद थीं.















