रांची / जमशेदपुर : झारखंड में ठंड का कहर जारी है. परंतु जमशेदपुर में रविवार से ठंड में कुछ राहत मिली है. इस दौरान लौहनगरी में कनकनी कम थी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार सर्द हवा धीमी होने से झारखंड के पलामू और पश्चिमी भाग के कुछ जिलों को छोड़कर राज्य में सोमवार तक कनकनी से राहत मिलेगी. इसके पश्चात मंगलवार से शीतलहर फिर लौटेगी. अगले तीन दिन यानी मंगलवार से गुरुवार तक न्यूनतम तापमान में धीरे धीरे (2-3) डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी. इसके पश्चात अगले दो दिन कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला जिला का रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, जमशेदपुर का 10.8 डिग्री, चाईबासा का 8.6 डिग्री और सरायकेला का 7.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. (नीचे भी पढे़ं)
अगले तीन दिन शीतलहर की चपेट में झारखंड – 13 जनवरी को राज्य के चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और गुमला जिला में शीतलहर चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी है. वहीं 14 और 15 जनवरी को राज्य के चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम और गुमला जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है.















