गालूडीह : डुमरी विधायक जयराम महतो मंगलवार रात जेएलकेएम कार्यकर्ताओं के साथ उल्दा पंचायत के पुतरू गांव पहुंचे. गांव पहुंच कर वे मृतक की पत्नी आशारानी महतो, बेटे अनूप महतो और बड़े भाई सष्टिपद महतो से मिले एवं घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक श्री महतो ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दुःख की इस घड़ी में हमेशा साथ रह कर मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने ने पत्रकारों से बातचीत में तारापद महतो की हत्या को अत्यंत दिल दहलानेवाली और चिंताजनक घटना बताते हुए कहा कि आज झारखंड में आम लोग दिनदहाड़े बेरहमी से मारे जा रहे हैं. यह शासन-प्रशासन की विफलता को दर्शाता है. कुछ दिन पूर्व गोकुलनगर में एक 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या और अब तारापद महतो की पुतडू के खड़िया कॉलोनी स्थित प्रज्ञा केंद्र में घुसकर गोली मारकर हत्या, ये घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों का मनोबल किस हद तक बढ़ चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक ने कहा कि इस हत्या के पीछे जमीन विवाद प्रमुख कारण माना जा रहा है. यदि समय रहते अंचल और अनुमंडल स्तर पर जमीन मामलों का निष्पक्ष व त्वरित निपटारा किया जाता, तो ऐसी घटनाएं रोकी जा सकती थीं. उन्होंने कहा कि किसी का जीवन इतना सस्ता नहीं होना चाहिए कि छोटे-छोटे विवादों में लोगों की हत्या कर दी जाए. उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर एसपी और डीएसपी से दूरभाष पर बात की है और स्पष्ट रूप से मांग की है कि केवल शूटरों की नहीं, बल्कि घटना की साजिश रचने वाले असली मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी हो. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों से ज्यादा जरूरी उन लोगों पर कार्रवाई है, जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठकर पूरी साजिश रची. उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा. उन्होंने कहा कि झारखंड में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और अब इन्हें किसी भी हाल में रोका जाना चाहिए. विधायक ने कहा कि उन्होंने ग्रामीणों से भी साफ कहा है कि चिता शांत होने से पहले ही दोषियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए. अब हालात ऐसे बन गये हैं कि हर दो-तीन महीने में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. अगर प्रशासन सक्रिय नहीं हुआ, तो आम जनता खुद को असहाय महसूस करेगी.















