जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने का मामला सामने आया है. घटना के पांच दिन बाद पीड़ित परिवार ने जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घटना 8 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे की है. उस दिन से नाबालिग लड़की अचानक घर से लापता हो गई. परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो अंततः वे थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)
परिवार ने इस घटना में पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिला अंतर्गत बेलदा गांव निवासी राहुल रजक को आरोपी बनाया है. बताया गया है कि राहुल का पीड़िता के घर पहले से आना-जाना था, जिसके चलते परिजनों को उस पर पूरा संदेह है. इसी आधार पर थाने में सीधे नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी और नाबालिग लड़की का पता लगाने के लिए मोबाइल लोकेशन के माध्यम से उनकी गतिविधियों की टोह ली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा. पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.














