जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय नाबालिग लड़का तेजवीराज उर्फ बिट्टू रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में भी चिंता का माहौल बना हुआ है. बच्चे के पिता अनिल सिंह, निवासी होम पाइप, इंदिरा नगर, ने इस संबंध में सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. अनिल सिंह का आरोप है कि उनके बेटे को उसके ही कुछ दोस्तों ने बहला-फुसलाकर अपने पास छुपा लिया है या फिर उसका अपहरण कर लिया गया है. जिन युवकों पर संदेह जताया गया है, उनके नाम रोहन उर्फ बौना, विवेक और अनस बताए गए हैं. परिजनों के अनुसार, इससे पहले भी यही लोग तेजवीराज को अपने साथ रख चुके हैं. उस दौरान बच्चे से उसके दादाजी राजेंद्र सिंह के बैंक खाते से पैसे निकलवाए गए थे और वह करीब एक दिन तक घर नहीं लौटा था. (नीचे भी पढ़ें)
अनिल सिंह ने बताया कि उन्होंने 9 जनवरी को थाना में शिकायत दी थी. पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया, जिसके बाद से तेजवीराज पूरी तरह लापता है. परिजन रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और रिश्तेदारों के यहां बच्चे की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है. परिजनों ने पुलिस से जल्द बरामदगी की मांग की है. आम लोगों से अपील की गई है कि किसी को भी बच्चे के संबंध में जानकारी मिले तो तुरंत 8210144508 पर संपर्क करें. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तलाश तेज कर दी गई है.















