जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी और शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कारव गांधी मंगलवार दोपहर करीब दो बजे से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. युवक के अचानक गायब हो जाने से न केवल गांधी परिवार में, बल्कि शहर के कारोबारी जगत में भी चिंता और हलचल का माहौल है. परिजनों के अनुसार, कारव मंगलवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका. अपहरण की आशंका है. देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे और मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिलने लगा, तब परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कारव गांधी के मोबाइल की आखिरी लोकेशन सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर इलाके में ट्रेस की गई थी. इसके उनकी क्रेटा कार सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में बरामद की गई. कार मिलने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है. आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. (नीचे भी पढ़ें)
कारव गांधी के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर लघु उद्योग संघ के उपाध्यक्ष हैं. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड सहित उनके कई औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं. गांधी परिवार को शहर का एक प्रतिष्ठित और प्रभावशाली कारोबारी परिवार माना जाता है. वर्तमान में जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस संयुक्त रूप से कारव गांधी की तलाश में जुटी हुई है. सोनारी, बिष्टुपुर और चांडिल थाना पुलिस के अलावा तकनीकी टीम भी जांच में लगाई गई है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है. शहर भर में युवक की सुरक्षित वापसी को लेकर दुआएं और चर्चाएं तेज हो गई हैं.














